Jhenda Mela Dehradun: Devotees Gather at Sri Darbar Sahib, Historic Nagar Parikrama Today
झंडा मेले में उमड़ी आस्था, श्री दरबार साहिब में संगतों की भारी भीड़
देहरादून, 09 March 2026 । श्री झण्डा साहिब के आरोहण के बाद सोमवार को भी दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। देश-विदेश से आई संगतों के साथ बड़ी संख्या में दूनवासियों ने श्री झण्डा साहिब और श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया तथा मनोकामनाएं मांगी।
अल सुबह से ही संगतें दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के दर्शनों के लिए कतारों में खड़ी रहीं। श्रीमहंत जी ने श्रद्धालुओं को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया और अपने प्रवचन में गुरु महिमा तथा गुरु भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु की शरण में आने से ही मनुष्य को सच्चे मार्ग का ज्ञान मिलता है। गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो जीवन को पवित्र और सफल बनाती है।
उन्होंने संगतों से भक्ति, सेवा और सत्कर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि सच्चे मन से गुरु का स्मरण करने वाले व्यक्ति पर सद्गुरु की असीम कृपा बरसती है और उसका जीवन सुख-शांति तथा आध्यात्मिक आनंद से भर जाता है।
इस बीच मंगलवार को होने वाली ऐतिहासिक नगर परिक्रमा की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। झंडा महोत्सव के मेला अधिकारी विजय गुलाटी के अनुसार परंपरा के अनुसार झण्डा आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा निकाली जाती है। मंगलवार सुबह 7:30 बजे श्री दरबार साहिब परिसर से नगर परिक्रमा शुरू होगी, जिसमें लगभग 25 हजार से अधिक संगतों के शामिल होने की संभावना है।
नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक, कांवली रोड, तिलक रोड, टैगोर विला, घंटाघर, पल्टन बाजार, रीठा मंडी और बॉम्बे बाग होते हुए दोपहर 12 बजे पुनः श्री दरबार साहिब पहुंचेगी। विभिन्न स्थानों पर संगतों को चने, मुरमुरे, गुड़ और गन्ने का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
सोमवार को दरबार साहिब परिसर में गुरु महिमा के भजनों और कीर्तन की धूम रही। श्रद्धालुओं ने “गुरु बिन घोर अंधेरा” और “सतगुरु तेरी महिमा अपरम्पार” जैसे भजनों के साथ गुरु महिमा का गुणगान किया।
वहीं श्रद्धालुओं की सेवा के लिए दरबार साहिब के अंदर और बाहर लंगर की व्यवस्था की गई है। साथ ही श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और श्री महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संगतों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग 200 यूनिट रक्तदान किया।
पूरे परिसर में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला तथा संगतें झण्डा मेले के आयोजन का भरपूर आनंद ले रही हैं।




