Valley of flowers, 02 June 2026। यूनेस्को विश्व धरोहर में शामिल फूलों की घाटी एक बार फिर रंग-बिरंगे फूलों की आभा से सजकर पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हो गई है। सोमवार से पर्यटकों के लिए खोली गई इस विश्व प्रसिद्ध घाटी में सीजन की शुरुआत के साथ ही हिमालयी लिली और मार्श मैरीगोल्ड सहित 20 से अधिक प्रजातियों के फूल खिल चुके हैं। लंबे शीतकाल के बाद घाटी में लौटे रंगों ने यहां की वादियों को जीवंत बना दिया है और पहले ही दिन पर्यटकों की अच्छी आमद देखने को मिली।
समुद्र तल से लगभग 12,995 फीट की ऊंचाई पर स्थित और 87.5 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली फूलों की घाटी हिमालयी जैव विविधता का अद्भुत उदाहरण है। हर वर्ष जून से अक्तूबर तक खुलने वाली यह घाटी देश-विदेश के हजारों प्रकृति प्रेमियों और ट्रैकिंग के शौकीनों को अपनी ओर आकर्षित करती है। इस बार सीजन के शुरुआती दौर में ही घाटी रंगों से सराबोर दिखाई देने लगी है।
घाटी में इन दिनों हिमालयी लिली, मार्श मैरीगोल्ड, कोबरा लिली, स्नेक लिली, प्रिमुला डेंटिकुलाटा, आइरिस कुमाऊनेन्सिस, वायोला बाइफ्लोरा और फ्रिटिलेरिया रॉयली जैसी दुर्लभ हिमालयी पुष्प प्रजातियां खिल चुकी हैं। बर्फ से आच्छादित चोटियों और हिमखंडों की पृष्ठभूमि में खिले ये फूल घाटी की सुंदरता को और अधिक मनमोहक बना रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रकृति ने स्वयं यहां रंगों की चादर बिछा दी हो।
फूलों की घाटी की सबसे बड़ी विशेषता इसका लगातार बदलता स्वरूप है। यहां हर 15 से 20 दिनों के अंतराल में नई-नई प्रजातियों के फूल खिलते हैं, जिससे पूरे सीजन के दौरान घाटी का रंग, रूप और आकर्षण बदलता रहता है। यही कारण है कि अनेक पर्यटक एक ही सीजन में दोबारा भी यहां पहुंचते हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ यह घाटी समृद्ध जैव विविधता के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां हिमालयन कस्तूरी मृग, हिम तेंदुआ तथा अनेक दुर्लभ पक्षी और वन्यजीव पाए जाते हैं। घाटी के बीच से बहने वाली पुष्पावती नदी इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करती है।
नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान के उप वन संरक्षक अभिमन्यु ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सीजन की शुरुआत में ही 20 से अधिक प्रजातियों के फूल खिल चुके हैं और आने वाले सप्ताहों में घाटी और अधिक रंगीन तथा आकर्षक रूप में दिखाई देगी।
बॉक्स: इन दिनों घाटी में खिले प्रमुख फूल
हिमालयी लिली (लिलियम ऑक्सीपेटलम)
मार्श मैरीगोल्ड
कोबरा लिली
स्नेक लिली
प्रिमुला डेंटिकुलाटा
आइरिस कुमाऊनेन्सिस
वायोला बाइफ्लोरा
फ्रिटिलेरिया रॉयली
रोडोडेंड्रोन लेपिडोटम
रोडोडेंड्रोन कैम्पेनुलेटम
कोरिडालिस कश्मीरियाना
एलियम ह्यूमाइल
थर्मोप्सिस बारबाटा
रंगों की चादर ओढ़कर सैलानियों के स्वागत को तैयार फूलों की घाटी
Leave a comment
Leave a comment




