सऊदी अरब में सड़क हादसे के बाद कानूनी शिकंजे में फंसे थे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल, 2.51 करोड़ रुपये का मुआवजा जुटाकर दीपिका ने पूरी कराई पिता की घर वापसी
Uttarkashi,27 November 2026। एक बेटी की पुकार ने हजारों लोगों को एकजुट किया और नौ साल से सऊदी अरब में फंसे पिता की घर वापसी का रास्ता खोल दिया। उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार कानूनी अड़चनों से मुक्त होकर शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए। पिता को वापस लाने के लिए बेटी दीपिका नौटियाल ने लंबी लड़ाई लड़ी। सोशल मीडिया पर उनकी अपील का असर ऐसा हुआ कि देश-विदेश से लोगों ने मदद के हाथ बढ़ाए और करीब 2.51 करोड़ रुपये की धनराशि जुट गई।
गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि वर्ष 2018 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। रियाद की एक निजी कंपनी में ट्रक चालक के रूप में काम करते हुए वर्ष 2019 में उनका ट्रक एक कार से टकरा गया। हादसे में पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ था। इस मामले में अदालत ने उन्हें करीब एक साल की कैद सुनाई। सजा पूरी होने के बाद भी मुआवजे की भारी रकम जमा नहीं होने से उनकी रिहाई और वतन वापसी अटकी रही।
अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के अनुसार हादसे के समय ट्रक का बीमा नहीं था। अदालत ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे के रूप में 9.84 लाख सऊदी रियाल जमा कराने का आदेश दिया था। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 2.51 करोड़ रुपये थी।
परिवार के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना असंभव था। ऐसे में दीपिका ने सोशल मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया के लोगों से मदद मांगी। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों, प्रवासी भारतीयों और अनजान लोगों ने भी आर्थिक सहयोग दिया। उत्तराखंड सरकार ने दो लाख रुपये की सहायता दी। रोशन रतूड़ी ने धनराशि जुटाने और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आखिरकार नौ साल का इंतजार खत्म हुआ और इंद्रमणि अपने देश लौट आए।




