Uttarkashi, 24 November 2026: मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। एक आवासीय भवन में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि रसोई गैस सिलेंडर फटने के बाद आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर गांव के 32 मकान जल गए। गांव में कुल 45 मकान हैं। अधिकांश मकान लकड़ी के बने होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास में जुटे हैं। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मोरी से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित गांव के लिए रवाना कर दी गई हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और लंबी दूरी के कारण दमकल टीमों को मौके पर पहुंचने में समय लग सकता है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निकांड पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों के लिए भोजन, आवास और चिकित्सा सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता देने को भी कहा है।




