Pantnagar, 26 June 2026। संभावित कमजोर मॉनसून और एल नीनो के असर को देखते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से अभी से तैयारी शुरू करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के आकलन के अनुसार इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए व्यापक रणनीति तैयार कर चुकी है।
शुक्रवार को रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों को किसी भी स्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार सभी पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल ऋण मिल सके। साथ ही राज्यों को पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि मौसम प्रतिकूल रहता है तो किसानों को वैकल्पिक फसलों के बीज समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कृषि वैज्ञानिकों के साथ मिलकर कम वर्षा और संभावित सूखे की स्थिति से निपटने के लिए विस्तृत कंटीजेंसी प्लान तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य किसानों की फसलों को नुकसान से बचाना और उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव को कम करना है।
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को सलाह दी कि जहां नहर या अन्य सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां धान जैसी अधिक पानी वाली फसलें उगाई जा सकती हैं। वहीं वर्षा आधारित क्षेत्रों में ऐसी फसलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिन्हें कम पानी की आवश्यकता होती है और जो कम वर्षा में भी बेहतर उत्पादन दे सकें।
फसल चक्र में बदलाव की सलाह
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि बदलते मौसम और एल नीनो की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए फसल चक्र में बदलाव समय की मांग है। उन्होंने किसानों से स्थानीय कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार बुवाई की योजना बनाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मौसम की चुनौती चाहे जितनी बड़ी हो, केंद्र सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आजीविका सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।




