Ramnagar,05 july 2026। कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे ग्राम सांवल्दे स्थित एक्रोन हाईवे रिसॉर्ट में पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अनैतिक गतिविधियों के मामले का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रिसॉर्ट से 52 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया, जबकि नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार, सभी युवक-युवतियां बाहरी राज्यों से आए थे।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और रामनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, रिसॉर्ट परिसर में बिना लाइसेंस संचालित किए जा रहे बार से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई है।
छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है, जबकि रिसॉर्ट के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी।




