पुणे : फलों का राजा आम, आम की खुशबू किस को दीवाना नहीं बना देगी। गर्मी के मौसम में आम के शौकीन हापुस, पैरी, लालबाग, दशहरी, लंगडा, बनारसी और केशर का लुत्फ उठाते हैं। ये सब आम की किस्में हैं। अच्छा बताइए आप आम की कितनी किस्मों के बारे में जानते हैं। ज्यादा से ज्यादा 10 या 12, लेकिन पुणे के एक किसान ने आम के प्रति अपने जुनून को वैश्विक स्तर पर पहुंचा दिया है। महाराष्ट्र के पुणे जिले के वरवंद गांव के किसान फारूख इनामदार ने अपनी जमीन में 120 किस्म के आम उगाए हैं। इनमें से 90 किस्में विदेश्ी और 30 देशी हैं।
एएनआइ से बातचीत में फारूक इनामदार कहते हैं, “… मैं 2019 में हज के लिए गया था और मैंने वहां बड़ी संख्या में वैश्विक किस्मों के आम देखे। मैंने उनके नाम नोट किए, यूट्यूब पर सर्च किया और उनके पौधे मंगवाए… मैंने 120 किस्म के आम लगाए हैं, उनमें से 30 भारतीय हैं और बाकी 90 विदेशी हैं, जिनमें जापान, कनाडा, ब्राजील, अफ्रीका और बाकी सभी देश शामिल हैं, जहां आम होता है; मैंने वहां से पौधे मंगवाए… सभी पौधों पर फल हैं। हमने पौधे भी तैयार कर लिए हैं… मैंने आम की विदेशी किस्में लगाईं, यह देखने के लिए कि क्या उन्हें यहाँ उगाया जा सकता है… भारतीय जलवायु उनके अनुकूल है, और इनका स्वाद बाजार में मिलने वाले बीजों से बेहतर है। चीनी का प्रतिशत भी अधिक है… हम 10 एकड़ क्षेत्र में पौधे लगाएंगे।”