Rudraprayag Landslide: Max Bolero Hit by Boulder; 2 Dead, 3 Injured
रुद्रप्रयाग, 1 सितंबर 2025 : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं से मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी क्रम में केदारनाथ धाम के प्रमुख पडाव सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच पहाडी से गिरे एक बोल्डर की चपेट में आने से मैक्स वाहन में सवार महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर है, उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। सोनप्रयाग से गौरीकुंड जा रहा मैक्स वाहन (UK 11 TA 1100) जब मुनकटिया लैंडस्लाइड जोन से गुजर रहा था तो अचानक पहाड़ी से एक बोल्डर वाहन पर जा गिरा। गिरकर सीधे वाहन पर आ लगा। इससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला। घायलों को तुरंत सोनप्रयाग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में रीता (30) और चंद्र सिंह (50) शामिल हैं, दोनों ही उत्तरकाशी के सियालब गांव के निवासी थे। घायलों में नवीन सिंह रावत (35), ममता (29) और प्रतिभा (25) शामिल हैं। इनमें से नवीन और ममता की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये भी सियालब गांव, उत्तरकाशी के रहने वाले थे।