Rudraprayag Hotel Murder Case: Live-in Partner and Accomplice Arrested from Haryana
रुद्रप्रयाग,12 March 2026। जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में हुई महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात को अंजाम देने वालों में महिला का लिव-इन पार्टनर भी शामिल है। दोनों आरोपियों को हरियाणा के कैथल जिले से पकड़कर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक सात मार्च की सुबह करीब आठ बजे गैलेक्सी होटल के प्रबंधन ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि होटल के एक कमरे में ठहरी महिला बेहोशी की हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने कमरे को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका अपने एक मित्र और उसके साथी के साथ छह मार्च की रात होटल में ठहरी थी। सात मार्च की सुबह दोनों युवक यह कहकर होटल से निकल गए कि वे कुछ देर में लौट आएंगे, लेकिन शाम तक वापस नहीं आए। मामले में आठ मार्च को मृतका के भाई अकबर, निवासी कुरुक्षेत्र (हरियाणा) की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने 10 मार्च की शाम हरियाणा के कैथल जिले के चीका थाना क्षेत्र के पटियाला रोड से दो आरोपियों अरुण कुमार और अक्षय को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी चीका, जिला कैथल (हरियाणा) के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अरुण कुमार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से काजल (30) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। सात मार्च की सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़े में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान अरुण और उसके साथी अक्षय ने मिलकर चुन्नी से काजल का गला घोंट दिया। हत्या के बाद दोनों आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए थे।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।




