India to Go Cashless at Toll Plazas from April 2026 with FASTag and UPI
देहरादून, 21 February 2926। अगर आप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। सरकार 1 अप्रैल 2026 से टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद करने की तैयारी कर रही है। यानी अब टोल टैक्स देने के लिए आपको डिजिटल माध्यम ही अपनाना होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के इस प्रस्ताव के लागू होने के बाद देशभर के सभी टोल प्लाजा पर केवल फास्टैग या यूपीआई (UPI) से ही भुगतान किया जा सकेगा। इसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा, क्योंकि इससे टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
पिछले कुछ सालों में फास्टैग का इस्तेमाल काफी बढ़ा है और अब करीब 98 प्रतिशत टोल भुगतान इसी के जरिए हो रहा है। फास्टैग एक स्टिकर होता है जो गाड़ी के आगे लगाया जाता है और टोल प्लाजा से गुजरते ही अपने आप पैसे कट जाते हैं। वहीं, अब यूपीआई से भुगतान की सुविधा भी शुरू हो चुकी है, जिससे मोबाइल से ही टोल टैक्स देना आसान हो गया है।
अभी की व्यवस्था के अनुसार अगर कोई वाहन बिना फास्टैग के टोल प्लाजा पर पहुंचता है और नकद भुगतान करता है, तो उसे दोगुना शुल्क देना पड़ता है। वहीं यूपीआई से भुगतान करने पर सामान्य शुल्क से थोड़ा ज्यादा, यानी 1.25 गुना शुल्क देना होता है।
अधिकारियों के अनुसार नकद भुगतान की वजह से टोल प्लाजा पर भीड़ बढ़ती है, समय ज्यादा लगता है और कई बार विवाद भी होते हैं। पूरी तरह डिजिटल सिस्टम लागू होने से ये समस्याएं काफी हद तक खत्म हो जाएंगी।
देशभर में 1150 से ज्यादा टोल प्लाजा हैं और इस फैसले से यात्रा और भी तेज, आसान और पारदर्शी हो जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि तकनीक के जरिए सड़क यात्रा को सुगम और झंझटमुक्त बनाया जाए।


