Mahant Indiresh Hospital Starts Interventional Pain Management Services in Dehradun
देहरादून, 02 March 2026 । उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अस्पताल में अब सुपरस्पेशलिस्ट कंसलटेंट इंटरवेंशनल पेन फिजीशियन की सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इससे लंबे समय से गंभीर और जटिल दर्द से परेशान मरीजों को आधुनिक और विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस नई सेवा के तहत डॉ. गिरीश कुमार सिंह ने ज्वाइन किया है, जो देश के पहले एमडी, डीएम (पेन मैनेजमेंट) विशेषज्ञ माने जाते हैं। उन्होंने केजीएमयू लखनऊ और एम्स ऋषिकेश से उच्च शिक्षा प्राप्त की है और देश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य कर चुके हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने बताया कि तीन महीने या उससे अधिक समय तक रहने वाला दर्द एक गंभीर बीमारी का रूप ले सकता है। यह न केवल शारीरिक तकलीफ देता है, बल्कि मानसिक तनाव और जीवन की गुणवत्ता को भी प्रभावित करता है। ऐसे में केवल दर्द निवारक दवाएं पर्याप्त नहीं होतीं।
अस्पताल में अब मिप्सी (मिनिमली इनवेसिव पेन एंड स्पाइन इंटरवेंशंस) तकनीक के जरिए बिना बड़े ऑपरेशन और चीरे के दर्द का इलाज किया जा रहा है। यह प्रक्रिया सुरक्षित, कम जोखिम वाली और जल्दी राहत देने वाली है।
यहां कैंसर से जुड़ा दर्द, कमर और रीढ़ का दर्द, सायटिका, स्लिप डिस्क, माइग्रेन, गठिया, नसों और मांसपेशियों के दर्द सहित कई समस्याओं का इलाज उपलब्ध है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक दर्द रहने पर उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर इलाज कराने से बड़ी सर्जरी से बचा जा सकता है।




