Uttarakhand People Stuck in Dubai as Flights Cancelled Amid Iran Tensions
देहरादून, 02 March 2026। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े हमलों के कारण दुबई में हालात अचानक गंभीर हो गए हैं। सुरक्षा कारणों से एयरस्पेस के कई हिस्सों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिसे “जीरो जोन” घोषित किया गया है। इसके चलते बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो रही हैं। इस स्थिति का सीधा असर वहां मौजूद भारतीयों, खासकर उत्तराखंड के लोगों पर पड़ा है। जानकारी के अनुसार करीब 1000 से अधिक उत्तराखंड के लोग इस समय यूएई में मौजूद हैं, जिनमें पर्यटक, कारोबारी और नौकरीपेशा लोग शामिल हैं।
दुबई में फंसे वरिष्ठ पत्रकार दर्शन रावत ने बताया कि उनकी 1 मार्च की सुबह की फ्लाइट अचानक रद्द कर दी गई। उन्होंने कहा कि हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। “कल भी धमाके की खबर थी और आज भी माहौल सामान्य नहीं है। एयरस्पेस बंद होने से फ्लाइट्स प्रभावित हो रही हैं, जिससे हम जैसे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है,” उन्होंने बताया। उन्होंने कहा कि हर कोई अपने घर लौटना चाहता है, लेकिन अनिश्चितता के कारण कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
फ्लाइट रद्द होने के बाद ठहरने की समस्या सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। दर्शन रावत ने बताया कि होटलों ने अचानक अपने किराए बढ़ा दिए हैं, जिससे यात्रियों का खर्च तेजी से बढ़ रहा है। “हमें अब दूसरा होटल लेना पड़ रहा है और रोजाना खर्च बढ़ता जा रहा है,” उन्होंने कहा। कई अन्य यात्रियों ने भी इसी तरह की परेशानी जताई है। कुछ लोग सस्ते होटल की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं, जबकि कुछ को मजबूरी में महंगे होटलों में रुकना पड़ रहा है।
कोटद्वार निवासी मनमोहन सेमवाल ने भी हालात को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि लगातार सुरक्षा अलर्ट और हमलों की खबरों से लोगों में डर का माहौल है। “सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है, जिनकी फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं और वे अपने घर लौटना चाहते हैं। सरकार को ऐसे लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए,” उन्होंने कहा।
सूत्रों के अनुसार दुबई और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं, भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरतमंद नागरिकों को सहायता देने की दिशा में काम कर रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि क्षेत्र में तनाव और बढ़ता है, तो आने वाले दिनों में हवाई सेवाएं और प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी यात्रा से पहले उड़ान की स्थिति की पुष्टि करें और वैकल्पिक योजना तैयार रखें। फिलहाल दुबई में फंसे उत्तराखंड के लोग असमंजस और परेशानी के बीच जल्द घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।




