MDDA Seals Illegal Construction on Sahastradhara Road in Dehradun
देहरादून, 07 March 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण कार्य किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
प्राधिकरण के संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देश पर एमडीडीए की टीम ने सहस्त्रधारा रोड स्थित एकता विहार, लेन नंबर–16 ए में निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि भवन स्वामी रिमी अरोड़ा द्वारा बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के भवन निर्माण कराया जा रहा था। नियमानुसार प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करना नियमों का उल्लंघन है।
प्राधिकरण ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित भवन स्वामी को पहले ही नोटिस जारी किया था और निर्धारित समय सीमा में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। हालांकि तय अवधि में संतोषजनक जवाब या मानचित्र स्वीकृति प्रस्तुत नहीं की गई। इसके बाद एमडीडीए ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया।
सीलिंग की इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता विदिता कुमारी तथा संबंधित सुपरवाइजर मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया को विधिक प्रावधानों के तहत संपन्न कराया गया।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। तेजी से हो रहे शहरी विस्तार के बीच यह आवश्यक है कि सभी निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र और नियमानुसार ही किए जाएं।
वहीं प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है और जहां भी अवैध निर्माण की सूचना मिलती है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र की स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, ताकि शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित हो सके।




