Lakhs of Devotees Bow at Shri Jhanda Sahib in Darbar Sahib Dehradun

देहरादून, 08 March 2026। श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मोत्सव पर आयोजित ऐतिहासिक श्री झण्डा साहिब मेले में रविवार को श्री दरबार साहिब परिसर आस्था के महासागर में तब्दील हो गया। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में पवित्र श्री झण्डे जी का भव्य आरोहण किया गया। जैसे ही “झण्डा चढ़या चढ़या ए देरादून” के श्रद्धा से भरे स्वर गूंजे, पूरा वातावरण गुरु भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा।
श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के संदेश पर झण्डे के आरोहण की प्रक्रिया शुरू हुई। ठीक शाम 4 बजकर 12 मिनट पर 94 फीट ऊंचे पवित्र श्री झण्डे जी का आरोहण संपन्न हुआ। इस दिव्य क्षण का साक्षी बनते ही संगतों ने “जय श्री गुरु राम राय जी महाराज” और “जय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज” के गगनभेदी जयकारे लगाए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु झूम उठे और इसके साथ ही देहरादून के ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया।
रविवार को तड़के ही श्री दरबार साहिब परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। देश-विदेश से आई संगतों ने श्रद्धा के साथ श्री झण्डे जी के समक्ष मत्था टेका और गुरु महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा रहा।
सुबह 7 बजे से विशेष पूजा-अर्चना आरंभ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने दूध, घी, शहद, गंगाजल और पंचगव्य से पवित्र ध्वज दंड का अभिषेक किया। परंपरा के अनुसार पूरे अनुष्ठान के दौरान श्री झण्डे जी को एक क्षण के लिए भी जमीन पर नहीं रखा गया और संगतों ने उसे अपने हाथों पर थामे रखा।
दोपहर में दर्शनी गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। हजारों लोग उस पवित्र गिलाफ को स्पर्श कर पुण्य अर्जित करने के लिए आतुर दिखाई दिए। नए मखमली वस्त्र और सुनहरे गोटों से सुसज्जित श्री झण्डा साहिब का आरोहण होते ही पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।
श्री झण्डे जी के आरोहण के बाद श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देश-प्रदेशवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला प्रेम, सद्भावना और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने प्रार्थना की कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे।
इस दौरान श्री झण्डे जी की परिक्रमा करते हुए एक बाज के दर्शन को भी श्रद्धालुओं ने दिव्य संकेत माना। मेले के आयोजन को अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए पांच बड़ी एलईडी स्क्रीन और सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।
देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से पहुंची संगतों ने पवित्र सरोवर में स्नान कर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। मेला आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए पुलिस, प्रशासन, मीडिया और दूनवासियों का आभार जताया।




