Student Group Clash in Dehradun Turns Fatal, One Killed, Three Arrested
देहरादून,25 March 2026 । प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच चली आ रही रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। केहरी गांव में सोमवार रात हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल छात्र ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर स्थित एक निजी कॉलेज के छात्रों के बीच पिछले कुछ समय से वर्चस्व को लेकर तनाव बना हुआ था। इसी विवाद ने सोमवार रात हिंसक रूप ले लिया, जब दोनों गुट केहरी गांव में आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और लाठी-डंडे चलने लगे।
इस दौरान 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना, निवासी अथाई (मुजफ्फरनगर), गंभीर रूप से घायल हो गया। वह प्रेमनगर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पहले सीएचसी प्रेमनगर पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए दून अस्पताल रेफर किया गया। एम्बुलेंस न मिलने पर पुलिस ने उसे सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन छात्रों—युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा—को गिरफ्तार किया है। तीनों अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं और संबंधित संस्थान में पढ़ाई कर रहे थे। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




