Gangotri, 22 October 2026 । हिमालय की ऊंची चोटियों, ग्लेशियरों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए मशहूर गंगोत्री नेशनल पार्क पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभर रहा है। इस वर्ष पार्क में सैलानियों की आमद ने पिछले पांच साल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। एक अप्रैल से 15 अक्टूबर 2026 तक यहां 39,519 पर्यटक पहुंच चुके हैं। खास बात यह है कि पर्यटन सीजन समाप्त होने में अभी करीब डेढ़ माह का समय बाकी है। ऐसे में पर्यटकों की संख्या के साथ पार्क के राजस्व में भी और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 15 अक्टूबर तक पार्क को 1 करोड़ 5 लाख 99 हजार 860 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। पिछले पांच वर्षों में यह सबसे अधिक कमाई है। इससे पहले वर्ष 2024-25 में पूरे पर्यटन सीजन के दौरान 85 लाख 11 हजार 600 रुपये का राजस्व मिला था। इस बार सीजन समाप्त होने से पहले ही यह आंकड़ा पार हो गया है।
पार्क के प्रवेश द्वार 30 नवंबर को बंद किए जाने हैं। ऐसे में पर्यटकों की बढ़ती आमद से इस वर्ष पर्यटन का नया रिकॉर्ड बनने की संभावना है। पर्यटकों की संख्या में इजाफा पार्क के ट्रेकिंग मार्गों और हिमालयी प्राकृतिक स्थलों के प्रति बढ़ते आकर्षण को भी दर्शाता है।
पिछले रिकॉर्ड से 6,066 अधिक पर्यटक पहुंचे
गंगोत्री नेशनल पार्क में पिछले वर्षों के पर्यटक आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021-22 में 9,841 पर्यटक पहुंचे थे। वर्ष 2022-23 में यह संख्या बढ़कर 29,016 हो गई। वर्ष 2023-24 में 33,453 पर्यटकों ने पार्क का भ्रमण किया, जो उस समय तक का सर्वाधिक आंकड़ा था।
हालांकि, इसके बाद पर्यटकों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2024-25 में 31,586 और वर्ष 2025-26 में 29,202 पर्यटक पहुंचे। लेकिन वर्ष 2026 में पर्यटन गतिविधियों ने फिर रफ्तार पकड़ी है। 15 अक्टूबर तक ही 39,519 पर्यटकों की आमद दर्ज की जा चुकी है। यह पिछले सर्वाधिक रिकॉर्ड से 6,066 अधिक है।
विदेशी पर्यटकों को भी लुभा रहा हिमालय
गंगोत्री नेशनल पार्क में इस वर्ष देशी पर्यटकों के साथ विदेशी सैलानियों की भी अच्छी आमद रही है। 15 अक्टूबर तक यहां 38,948 भारतीय और 571 विदेशी पर्यटक पहुंच चुके हैं। पार्क की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी ग्लेशियर, दुर्लभ वन्यजीव और दुर्गम पर्वतीय रास्ते पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। खासकर ट्रेकिंग में रुचि रखने वाले सैलानियों के लिए यह क्षेत्र विशेष महत्व रखता है।
गंगोत्री नेशनल पार्क के उप निदेशक मयंक गर्ग ने बताया कि पार्क के ट्रेकिंग मार्गों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इससे देश-विदेश के पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता से परिचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर साल पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।




