Rishikesh,17 November 2026। गढ़वाल मंडल में सड़क हादसों ने मंगलवार को कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग दुर्घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हुए हैं। सबसे बड़ा हादसा बदरीनाथ हाईवे पर गूलर पुल के पास हुआ, जहां हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गदेरे में जा गिरी। हादसे में नौ यात्रियों की जान चली गई। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बस मंगलवार तड़के करीब सवा तीन बजे 34 यात्रियों को लेकर हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद गूलर पुल के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन गदेरे में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग राहत-बचाव में जुट गए। कुछ यात्री बस से छिटककर बाहर गिर गए, जबकि 26 लोग भीतर फंस गए थे। रेस्क्यू टीम ने घायलों को बाहर निकालकर स्ट्रेचर के सहारे सड़क तक पहुंचाया। सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों ने बस की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया।
इस हादसे के अलावा गढ़वाल के दूसरे क्षेत्रों में हुई दुर्घटनाओं ने भी कई जिंदगियां लील लीं। टिहरी के पावकी देवी क्षेत्र के बांसकटाल में यूटिलिटी 60 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और सात लोग घायल हुए। बदरीनाथ हाईवे पर शिवपुरी के पास स्कूटी दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। वहीं, टिहरी के बालगंगा क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
एम्स पहुंचे धामी, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर बस हादसे में घायल यात्रियों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर घायलों को एक-एक लाख और अन्य घायलों को 40-40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मोदी और राहुल ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।




