Kedarnath Yatra Halted for 2 Days Due to Landslide; 300 Rescued
Kedarnath Yatra landslide : लगातार बारिश और दरकते पहाडों के कारण मलबा हटाने का काम रोका
सडक का 50 से 60 मीटर हिस्सा ध्वस्त, मार्ग खुलने में लग सकते हैं दो दिन
Kedarnath Yatra landslide : रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुनकटिया के पास भारी भूस्खलन के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन के निर्देश पर उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला ने मौके का निरीक्षण किया।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश और पहाड़ से गिरते पत्थरों के कारण फिलहाल मलबा हटाने का काम रोक दिया गया है। बारिश रुकने और पत्थरों का गिरना बंद होने के बाद ही मार्ग खोलने का कार्य शुरू होगा, जिसमें लगभग दो दिन लग सकते हैं।
केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी करीब 50 से 60 मीटर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जहां SDRF, NDRF और पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। केदारनाथ से लौट रहे यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया जा रहा है, जबकि जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग में रोका गया है। अब तक करीब 300 यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है और किसी को कोई परेशानी नहीं हुई है। यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग पर सोलर लाइटें भी लगाई जा रही हैं।