Shri Guru Ram Rai University Cultural Week Concludes with Grand Celebrations in Dehradun


देहरादून, 07 February 2026। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित सांस्कृतिक सप्ताह का समापन भव्य और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। पूरे सप्ताह चले इस आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर को उत्सव और रचनात्मकता के रंगों से सराबोर कर दिया, जहां विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, कला, फैशन और पाक कला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक सप्ताह के अंतिम दिन आयोजित पाक कला प्रतियोगिता (फूड फेस्ट) विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने पारंपरिक, क्षेत्रीय और आधुनिक व्यंजनों की आकर्षक प्रस्तुति करते हुए न केवल स्वाद बल्कि सजावट और प्रस्तुतीकरण में भी अपनी दक्षता दिखाई। प्रतिभागियों ने व्यंजनों से जुड़ी जानकारी साझा कर निर्णायकों और दर्शकों को खूब प्रभावित किया। प्रतियोगिता में नवाचार, स्वाद, स्वच्छता और प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
सप्ताह भर चले कार्यक्रमों के दौरान नृत्य, संगीत, फैशन शो, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, रंगोली प्रतियोगिता सहित अनेक रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। 7 फरवरी को पटेल नगर कैंपस के बास्केटबॉल कोर्ट में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनके परिणाम समापन समारोह के दौरान घोषित किए गए। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक मूल्यों का विकास करती हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि संस्थान छात्रों को अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर प्रदान करता है। ऐसे आयोजन छात्रों को संगठन, अनुशासन और टीमवर्क का व्यावहारिक अनुभव देते हैं। वहीं, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने बताया कि सांस्कृतिक सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण और सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जो विश्वविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दर्शाती है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सांस्कृतिक समिति और कल्चरल कमेटी के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन डॉ. प्रिया पांडे, चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं। समापन अवसर पर पूरे सप्ताह की झलकियों को याद करते हुए प्रतिभागियों और दर्शकों ने आयोजन को अत्यंत सफल और यादगार बताया।


