Uttarakhand Per Capita Income Rises 11% to ₹2.74 Lakh: Economic Survey
देहरादून, 06 March 2026। उत्तराखंड में आर्थिक गतिविधियों के विस्तार का असर अब आम लोगों की आय और सामाजिक विकास के संकेतकों पर भी दिखाई देने लगा है। राज्य के आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि, गरीबी दर में गिरावट और मानव विकास सूचकांक में सुधार दर्ज किया गया है, जिसे प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2023-24 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2 लाख 46 हजार 178 रुपये थी, जो बढ़कर वर्ष 2025-26 में 2 लाख 73 हजार 921 रुपये हो गई है। इस प्रकार लगभग 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि उद्योग, पर्यटन, सेवा क्षेत्र और स्वरोजगार के बढ़ते अवसरों का सीधा प्रभाव लोगों की आमदनी पर पड़ा है।
प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार और होमस्टे मॉडल ने भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग पर्यटन आधारित रोजगार, होमस्टे और छोटे कारोबारों के माध्यम से आय अर्जित कर रहे हैं। इसके अलावा कृषि, दुग्ध उत्पादन और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का भी सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, बेहतर सड़क नेटवर्क और डिजिटल कनेक्टिविटी के कारण भी राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिली है।
राज्य सरकार का कहना है कि आने वाले वर्षों में पर्यटन, उद्योग, स्टार्टअप, कृषि और ग्रामीण उद्यमिता को और बढ़ावा देने की योजना है, ताकि लोगों की आय में और वृद्धि हो और गरीबी दर में और कमी लाई जा सके।
बॉक्स
गरीबी दर में आई कमी
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार राज्य में गरीबी सूचकांक में भी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में यह 9.7 प्रतिशत था, जो घटकर अब 6.92 प्रतिशत रह गया है। इसे बढ़ते आर्थिक अवसरों और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का परिणाम माना जा रहा है।
बॉक्स
मानव विकास सूचकांक में सुधार
मानव विकास सूचकांक (एचडीआई) में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में यह 0.718 था, जो 2025 में बढ़कर 0.722 हो गया है। एचडीआई स्वास्थ्य, शिक्षा और आय के स्तर को दर्शाने वाला महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार का अंदाजा लगाया जाता है।




