Uttarakhand Budget 2026: CM Pushkar Singh Dhami to Present ₹1.11 Lakh Crore Budget in Gairsain
गैरसैंण, 09 March2026। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत् आज से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन में राज्य का बजट पेश करेंगे। रविवार को आयोजित कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में दो दिवसीय सत्र के एजेंडे को अंतिम रूप दिया गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सदन में नौ विधेयक भी पेश किए जाएंगे।
चुनावी वर्ष में आयोजित हो रहा यह बजट सत्र राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। अनुमान है कि इस बार सरकार करीब एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत कर सकती है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत अधिक हो सकता है।
सत्र की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह के अभिभाषण से होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री बजट पेश करेंगे। सूत्रों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार ने बजट को रणनीतिक तरीके से तैयार किया है। इसके माध्यम से सरकार विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को नई गति देने का प्रयास करेगी।
दूसरी ओर विपक्ष भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, कानून व्यवस्था और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष सदन में सरकार पर हमला बोल सकता है। ऐसे में बजट सत्र के दौरान तीखी बहस और हंगामे की संभावना भी जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि चुनावी माहौल के बीच पेश होने वाला यह बजट न केवल राज्य की आर्थिक दिशा तय करेगा, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीतियों की भी झलक देगा।
बॉक्स: गैरसैंण पहुंचे मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष
बजट सत्र में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित सभी मंत्री और विधायक गैरसैंण पहुंच चुके हैं। सत्र को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बॉक्स: पहले दिन ही पेश होगा बजट
उत्तराखंड विधानसभा के इतिहास में यह पहली बार होगा जब बजट सत्र के पहले ही दिन बजट पेश किया जाएगा। सामान्यतः सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होता है और अगले दिन बजट पेश किया जाता है।
बॉक्स: गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर फोकस संभव
संभावना जताई जा रही है कि चुनावी वर्ष को देखते हुए बजट में गरीब, युवा, किसान (अन्नदाता) और महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान किए जा सकते हैं। रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं, कृषि प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर सरकार का विशेष ध्यान रह सकता है। इसके साथ ही सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भी बजट में बढ़ोतरी की उम्मीद है।




