Rishikesh Bypass Four Lane Project Approved with ₹1105 Crore Budget
तीन साल में पूरा होगा निर्माण, कनेक्टिविटी सुधारने पर सरकार का फोकस
देहरादून, 31 March 2026। ऋषिकेश में प्रस्तावित फोरलेन बाईपास परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 1105 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के शहरी और दूरस्थ इलाकों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री धामी और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि इस परियोजना से प्रदेश में आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
यह बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर तीनपानी फ्लाईओवर से खरासोटे पुल तक लगभग 12.67 किलोमीटर लंबा बनाया जाएगा। इसका रूट भट्टोवाला और ढालवाला क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। परियोजना को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर विकसित किया जाएगा, जिसमें एक ही एजेंसी डिजाइन से लेकर निर्माण तक का पूरा काम संभालेगी।
परियोजना को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लागत और समय-सीमा में किसी प्रकार की बढ़ोतरी न हो।
परिवहन मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना की शुरुआती अनुमानित लागत 1151.18 करोड़ रुपये थी, जिसे संशोधित कर 1139.40 करोड़ किया गया और अंततः 1105.79 करोड़ रुपये पर अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई। निर्माण कार्य के लिए ई-टेंडरिंग प्रक्रिया अपनाई जाएगी और वित्त वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार के बजट से धन उपलब्ध कराया जाएगा।
जाम से मिलेगी राहत
इस बाईपास के बनने से ऋषिकेश शहर में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने में यह परियोजना अहम भूमिका निभाएगी। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
कोट:
“मजबूत सड़क नेटवर्क से यातायात सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।” – पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री




