Kedarnath, 22 April 2026। ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे जैसे ही शुभ मुहूर्त में कपाट खुले, पूरी केदारपुरी “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के जयघोष से गूंज उठी। बर्फ से ढके हिमालय की गोद में स्थित यह धाम एक बार फिर अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
कपाट खुलने के साथ ही मंदिर परिसर में ऐसा दिव्य वातावरण बना, मानो श्रद्धा, आस्था और भक्ति का साक्षात संगम हो रहा हो। पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई, जो बाबा केदार के प्रति उनकी गहरी आस्था का प्रतीक है।
इस ऐतिहासिक और अलौकिक क्षण के साक्षी स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बने। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। मुख्यमंत्री के दर्शन और उपस्थिति ने इस अवसर की गरिमा को और बढ़ा दिया। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने माहौल को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ धाम केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का सेवा और आतिथ्य भाव से स्वागत करें।
धाम को इस अवसर पर 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण और भी अलौकिक हो गया। श्रद्धालु इस दृश्य को देखकर भाव-विभोर नजर आए।
इससे पूर्व भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर से प्रस्थान कर गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंची थी। सुबह 5 बजे से शुरू हुई पूजा प्रक्रिया के बाद रावल भीमाशंकर लिंग और अन्य पुजारियों ने गर्भगृह में विधिवत पूजा संपन्न कर कपाट खोले।
कपाट उद्घाटन के इस पावन अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, तीर्थ पुरोहितों और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने केदारनाथ धाम को एक बार फिर जीवंत आध्यात्मिक केंद्र में बदल दिया।
चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही अब केदारनाथ धाम श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है, जहां हर कदम पर आस्था और दिव्यता का अनुभव होता है।
केदारनाथ के कपाट खुलते ही शिखर पर आस्था, उमड़े भक्त सीएम ने किए दर्शन
Leave a comment
Leave a comment




