Dehradun, 26 May 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत विकास कार्यों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए मंगलवार को अजबपुर कला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने सरस्वती विहार, अजबपुर कला में लगभग आठ बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से किए गए विकास कार्य हटाए गए और मौके पर सूचना पट्ट भी लगाया गया।
एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों और प्लॉटिंग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में नौटियाल और कटियार द्वारा नियमों के विपरीत लगभग आठ बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग किए जाने की सूचना मिली थी। जांच में प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के निर्देश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन, रास्तों और अन्य विकास कार्यों को हटाया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि संबंधित भूमि पर की जा रही प्लॉटिंग को विकास प्राधिकरण की कोई स्वीकृति प्राप्त नहीं थी। एमडीडीए अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की अवैध प्लॉटिंग भविष्य में भूखंड खरीदने वाले लोगों के लिए कानूनी और आर्थिक परेशानियां खड़ी कर सकती है।
कार्रवाई सहायक अभियंता निशांत कुकरेती, अवर अभियंता जयदीप राणा, सुपरवाइजर और अन्य प्राधिकरण कर्मियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। प्राधिकरण ने कहा कि अनियोजित विकास पर अंकुश लगाने और सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण कार्य किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच करने की अपील की।
वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने चेतावनी देते हुए कहा कि बिना ले-आउट स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के विकसित की जा रही योजनाओं में निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अजबपुर कला में अवैध प्लॉटिंग पर चला एमडीडीए का बुलडोजर, आठ बीघा भूमि पर कार्रवाई
Leave a comment
Leave a comment




