Nainital, 06 June 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नैनीताल जनपद को 96.71 करोड़ रुपये की 13 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें लगभग 67 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण तथा 29.71 करोड़ रुपये की सात योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भीमताल क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने भीमताल में सैनिकों और व्यापारियों के लिए बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण, भीमेश्वर मंदिर और ओखलकांडा स्थित पशुपतिनाथ मंदिर को मंदिर माला मिशन से जोड़ने, रामगढ़ ब्लॉक के ओढ़ाखान-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग एवं जीप मार्ग के मिलान, रामगढ़ उप तहसील के शीघ्र संचालन तथा प्राधिकरण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरणीय समृद्धि से है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण केवल हमारी धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन को वैश्विक चुनौती बताते हुए कहा कि बदलता मौसम, बढ़ता तापमान, अनियमित वर्षा, सूखते जलस्रोत और प्राकृतिक आपदाएं लगातार चेतावनी दे रही हैं। इसका प्रभाव जल स्रोतों, कृषि, जैव विविधता और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर पड़ रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन लाइफ’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से अपनी माता के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने चिपको आंदोलन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का ऐतिहासिक संदेश दिया था और आज उसी भावना को पुनर्जीवित करने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, वनीकरण, नदी संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने वनाग्नि की घटनाओं को रोकने में जनता से सहयोग की अपील भी की।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान स्थित श्री हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
96.71 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
Leave a comment
Leave a comment




