Dehradun, 08 july 2026। राजधानी देहरादून और ऋषिकेश में अवैध निर्माण तथा अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 बीघा में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया, जबकि तीन अवैध निर्माणों को सील कर दिया। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान से अवैध निर्माणकर्ताओं और भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया है। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्राधिकरण की सेक्टरवार प्रवर्तन टीमों ने शिकायतों के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान नया हाईवे स्थित सुमेरू विहार के निकट कुलदीप रावत द्वारा करीब 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर बनाई गई सड़क, सीमांकन और अन्य अवैध विकास कार्यों को भी हटाया गया।
इसके अलावा चुक्खुवाल पोस्ट ऑफिस के पीछे राजेश्वरी भट्ट द्वारा कराए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया गया। ऋषिकेश के हरिपुर कला क्षेत्र में आदित्य नाथ अखाड़े के सामने आदित्य मित्तल तथा गोडविन स्कूल के निकट धीरेन्द्र परिहार द्वारा किए जा रहे निर्माण भी बिना प्राधिकरण की अनुमति पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं की सुरक्षा के लिए अवैध निर्माण व प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से किसी भी भूखंड की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच करने की अपील की।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्रवर्तन टीमें नियमित निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां नोटिस, निरीक्षण और प्रवर्तन की पूरी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा।




