स्यानाचट्टी में राहत की उम्मीद, यमुना पर सात दिन में बनेगा पुल; डीएम ने एनएचएआई को दिए सख्त निर्देश
Yamunotri, 12 july 2026। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन से प्रभावित स्यानाचट्टी क्षेत्र में राहत कार्यों को गति देते हुए जिला प्रशासन ने निर्माणाधीन पुल को अगले सात दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को स्यानाचट्टी के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समय सीमा के भीतर पुल तैयार कर यातायात बहाल करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हाल के दिनों में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर बाधित हुआ है। शुक्रवार को स्यानाचट्टी के पास सड़क बंद होने से 100 से अधिक यात्री रास्ते में फंस गए थे, जिसके बाद प्रशासन ने राहत और पुनर्बहाली कार्यों में तेजी लाई। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन पुल, वैकल्पिक मार्ग और भूस्खलन प्रभावित हिस्सों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पर्याप्त मशीनरी, श्रमिकों और संसाधनों की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुनोत्री धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और स्थानीय लोगों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करने और पुनर्बहाली अभियान को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन पूरे क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी विभागों को तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के लिए जवाबदेह बनाया गया है। प्रशासन का मानना है कि पुल तैयार होने के बाद यमुनोत्री धाम की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम होगी और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी सामान्य हो सकेगी।
बॉक्स : वैकल्पिक मार्ग पर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने वैकल्पिक पैदल मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर रस्सियां, सोलर लाइट, चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं तत्काल उपलब्ध कराने को कहा, ताकि खराब मौसम में भी यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही बनी रहे।
बॉक्स : यमुना में चैनलाइजेशन कार्य भी होगा तेज
डीएम ने सिंचाई विभाग को यमुना नदी में चल रहे चैनलाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मशीनों की संख्या बढ़ाकर नदी के प्रवाह को सुचारु बनाए रखने और संभावित खतरे को कम करने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।




