Dehradun, 26 july 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को हरिद्वार बाईपास और डोईवाला क्षेत्र में तीन व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई बिना स्वीकृत मानचित्र और प्राधिकरण की अनुमति के किए जा रहे निर्माणों पर की गई। एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि शहर के नियोजित विकास में बाधा बनने वाले अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
प्रवर्तन टीम ने हरिद्वार बाईपास स्थित मुस्कान होटल वाली गली में नईम अहमद और आशिफ द्वारा कराए जा रहे दो व्यावसायिक निर्माणों को सील किया। इसके अलावा डोईवाला के कान्हरवाला-भानियावाला तिराहा पर नेत्रपाल सैनी के व्यावसायिक निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून का विकास केवल नियोजित और नियमबद्ध तरीके से ही संभव है। बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माणों पर बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीलिंग, ध्वस्तीकरण समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने लोगों से भवन निर्माण से पहले एमडीडीए की अनुमति लेने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




