Uttrkashi, 02 November 2026। गंगोत्री क्षेत्र के दुर्गम केदारताल में लापता आठ ट्रेकर्स की तलाश तेज कर दी गई है। सोमवार को सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की टीम भी मैदान में उतर गई। भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के बीच लापता ट्रेकर्स तक पहुंचने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार सुबह हेलीकॉप्टर के जरिए सर्च अभियान में शामिल टीम को घटनास्थल के आसपास ड्रॉप किया गया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद अब तक आठों ट्रेकर्स की लोकेशन का पता नहीं चल पाया है।
केदारताल क्षेत्र में लगातार बर्फबारी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां बचाव दल के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। बर्फ से ढके पहाड़ों और खराब मौसम के कारण पैदल सर्च ऑपरेशन में भी मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन इससे पहले हेलीकॉप्टर के माध्यम से दो बार हवाई रेकी करा चुका है, लेकिन दोनों ही प्रयासों में लापता ट्रेकर्स का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद जमीनी स्तर पर तलाशी अभियान को और व्यापक किया गया है।




