आज भैया दूज पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भी होंगे बंद
Gangotri, 10 November 2026। चारधाम यात्रा अब अपने समापन की ओर बढ़ रही है। मंगलवार को अन्नकूट पर्व के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार कपाटबंदी की प्रक्रिया संपन्न हुई। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली जयकारों, ढोल-दमाऊं और सेना बैंड की मधुर धुनों के बीच उनके शीतकालीन प्रवास मुखवा के लिए रवाना हुई। इस ऐतिहासिक और धार्मिक पल के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे।
गंगोत्री मंदिर में मंगलवार तड़के चार बजे से विशेष पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी। सुबह साढ़े आठ बजे कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया प्रारंभ हुई। परंपरानुसार मां गंगा की स्वयंभू मूर्ति से मुकुट सहित अन्य कलेवर उतारे गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा के निर्वाण दर्शन किए। श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल और सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि निर्धारित अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट बंद किए गए।
कपाटबंदी के बाद तीर्थ पुरोहितों की अगुवाई में मां गंगा की उत्सव डोली मुखवा के लिए रवाना हुई। डोली मंगलवार रात मार्कंडेय पुरी स्थित देवी मंदिर में विश्राम करेगी। बुधवार को सोमेश्वर देवता की अगवानी में डोली मुखवा पहुंचेगी। यहां मां गंगा की उत्सव प्रतिमा को गंगा मंदिर में विराजमान किया जाएगा। अगले छह माह तक श्रद्धालु मुखवा में ही मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर चौहान, भटवाड़ी प्रमुख ममता पंवार और डुंडा प्रमुख राजदीप परमार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि इस यात्रा सीजन में करीब 19 लाख श्रद्धालुओं ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा के दर्शन किए। यह अब तक का रिकॉर्ड है।
आज बंद होंगे केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट
चारधाम यात्रा के तहत बुधवार को भैया दूज के पावन पर्व पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। दोनों धामों में कपाटबंदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके बाद छह माह तक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में कर सकेंगे, जबकि मां यमुना की पूजा-अर्चना और दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली में होंगे।




