Badrinath,12 November 2026। बदरीनाथ धाम में अब भगवान बदरीविशाल की शीतकालीन विदाई की धार्मिक परंपराएं शुरू हो गई हैं। गुरुवार को गणेश मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही धाम में पंच पूजाओं का सिलसिला शुरू हो गया। अगले चार दिनों तक एक-एक कर मंदिरों के कपाट बंद होंगे और धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान बदरीविशाल के शीतकालीन प्रवास की तैयारियां पूरी की जाएंगी।
पंच पूजाओं के तहत शुक्रवार को आदि केदारेश्वर और आद्य गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। शनिवार 14 नवंबर को खड्ग पुस्तक बंद करने के साथ ही वेद ऋचाओं का वाचन भी आगामी छह माह के लिए विराम ले लेगा। रविवार को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने के साथ ही बदरीनाथ धाम में छह माह तक चलने वाली नियमित पूजा-अर्चना की परंपरा शीतकालीन व्यवस्था के अनुरूप संचालित होगी। पंच पूजाओं का संपादन रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी डॉ. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया करेंगे।0
इस तरह पंच पूजाओं के जरिए बदरीनाथ धाम की प्राचीन धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ शीतकालीन पूजा व्यवस्था का मार्ग प्रशस्त होगा।




