13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी बाबा केदार की उत्सव डोली, छह माह तक वहीं होगी पूजा-अर्चना
Kedarnath, 11 November 2026 । विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया। इसके बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई।
कपाट बंद करने की प्रक्रिया तड़के चार बजे से विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। निर्धारित परंपराओं के अनुसार पूजा संपन्न होने के बाद शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस दौरान पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। कपाट बंदी के साक्षी बनने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे थे।
इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक होकर जयकारों के साथ बाबा की डोली को विदाई दी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली का पहला रात्रि प्रवास बुधवार को रामपुर में होगा। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान होगी।
इसके बाद आगामी छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होंगे। श्रद्धालु इस दौरान ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।




