Yamunotri, 11 November 2026। भैया दूज के पावन पर्व पर बुधवार को विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव के लिए रवाना हुई। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु खरसाली स्थित यमुना मंदिर में मां के दर्शन कर सकेंगे।
कपाट बंदी के अवसर पर यमुनोत्री धाम में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया था। तीर्थ पुरोहितों ने विशेष पूजा-अर्चना कर मां यमुना का विधिवत पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धाम पहुंचकर मां के दर्शन किए और यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई।
इस बार कपाट बंदी समारोह में शनिदेव महाराज की डोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। धार्मिक परंपरा के अनुसार अपनी बहन मां यमुना को लेने शनिदेव महाराज की डोली यमुनोत्री धाम पहुंची। यहां शनिदेव महाराज ने यमुना नदी में स्नान किया और मां यमुना के साथ विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हुए। दोनों देव विग्रहों के पूजन के बाद शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
इसके बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति को फूलों से सजी डोली में विराजमान कर खरसाली के लिए रवाना किया गया। डोली यात्रा में तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मां यमुना की विदाई के दौरान धाम जयकारों से गूंज उठा।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सह सचिव गौरव उनियाल ने बताया कि कपाट परंपरागत रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ बंद किए गए हैं। शीतकाल में खरसाली स्थित यमुना मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना होगी। उन्होंने सरकार से शीतकाल के दौरान खरसाली गांव तक यात्री सुविधाएं सुचारू रखने की मांग की। कहा कि इससे शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यापारियों, होटल कारोबारियों, तीर्थ पुरोहितों समेत यात्रा से जुड़े लोगों का रोजगार भी जारी रह सकेगा।




