मुख्यमंत्री धामी ने की पुनः चौड़ीकरण की घोषणा, कैंट क्षेत्र को 48.44 करोड़ की 23 विकास योजनाओं की सौगात
Dehradun, 19 November 2026:कांवली रोड पर रोजाना लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। सड़क पर बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए राज्य सरकार ने इसके पुनः चौड़ीकरण की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के कोलागढ़ में आयोजित जनसभा में कांवली रोड के चौड़ीकरण की कार्रवाई आगे बढ़ाने की घोषणा की। सड़क चौड़ी होने से इस व्यस्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही आसान होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कैंट विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 48.44 करोड़ रुपये की 23 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 29.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 योजनाओं का लोकार्पण और 19.03 करोड़ रुपये की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के माध्यम से पांच करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कराने की घोषणा की गई।
पेयजल व्यवस्था सुधारने पर भी जोर
गोविंदगढ़ के वार्ड संख्या 14 में चार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल लाइन का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। वहीं विजय पार्क पेयजल लाइन की करीब पांच करोड़ रुपये की योजना को आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल करने की बात कही गई। पेयजल संकट दूर करने के लिए यमुना कॉलोनी, इंद्रापुरम और हिंदलोक कॉलोनी में एक-एक ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे।
शास्त्रीनगर नाले का होगा पुनर्निर्माण
मुख्यमंत्री ने शास्त्रीनगर नाले के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति देने की घोषणा की। प्रेमनगर को नगर पालिका में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा हरवंश कपूर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने पर राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।




