चिन्यालीसौड़ में 21 नवंबर तक चलेगा ‘नॉर्थ इंडिया हिल्स’ अभ्यास
Uttarkashi,19 November 2026। चीन के साथ सीमा पर बदलते सामरिक समीकरणों के बीच भारतीय वायुसेना हिमालयी मोर्चे पर अपनी युद्धक तैयारियों को मजबूत करने में जुटी है। सिक्किम के डोकलाम से लेकर लद्दाख की गलवान घाटी तक चीन के साथ सैन्य तनाव के अनुभवों ने भारत को पहाड़ी क्षेत्रों में त्वरित सैन्य तैनाती और हवाई ऑपरेशन की क्षमता बढ़ाने की जरूरत का एहसास कराया है। इसी रणनीति के तहत उत्तराखंड में चीन सीमा के करीब स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर वायुसेना का अभ्यास चल रहा है। ‘नॉर्थ इंडिया हिल्स’ नाम से हो रहे इस अभ्यास में दुर्गम पहाड़ी इलाकों में सैनिकों को उतारने, विमानों के संचालन और आपात परिस्थितियों में सैन्य संसाधनों की पहुंच सुनिश्चित करने की क्षमता परखी जा रही है।
चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी की सामरिक अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि यहां से चीन सीमा की हवाई दूरी करीब 125 किलोमीटर है। ऐसे में यह हवाई पट्टी भविष्य में किसी आपात सैन्य परिस्थिति में सैनिकों और जरूरी संसाधनों की आवाजाही का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकती है। अभ्यास के तहत वायुसेना के एएन-32 मल्टीपर्पज विमान से करीब आठ हजार मीटर की ऊंचाई पर पहुंचे 23 पैरा कमांडो ने पैराशूट के जरिये सफल लैंडिंग की। यह प्रदर्शन पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में हवाई मार्ग से जवानों की त्वरित तैनाती की क्षमता का अहम परीक्षण है।
वर्ष 2017 में डोकलाम और 2020 में गलवान घाटी में चीन के साथ हुए सैन्य तनाव ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सैन्य तैयारियों की अहमियत बढ़ाई है। उत्तराखंड से लगी चीन सीमा भी सामरिक दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसे में चिन्यालीसौड़ जैसी हवाई पट्टियों का उपयोग केवल नियमित अभ्यास तक सीमित नहीं है। आपात स्थिति में सैन्य बलों की आवाजाही, रसद पहुंचाने और राहत एवं बचाव अभियानों में भी इनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
आठ साल पहले भी गरजे थे वायुसेना के विमान
चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर वायुसेना का यह पहला बड़ा सैन्य अभ्यास नहीं है। अप्रैल 2018 में भारतीय वायुसेना ने देशव्यापी ‘ऑपरेशन गगन शक्ति’ के तहत यहां भी अपनी परिचालन क्षमता का प्रदर्शन किया था। आठ से 22 अप्रैल तक चले इस अभ्यास में एएन-32 विमान ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर लैंडिंग की थी। वहीं हर्षिल से पैरा कमांडो को एयरलिफ्ट कर सैन्य तैनाती की क्षमता भी परखी गई थी। अब आठ साल बाद एक बार फिर इस हवाई पट्टी पर हो रहा अभ्यास हिमालयी क्षेत्र में वायुसेना की परिचालन तैयारियों के महत्व को रेखांकित कर रहा है।




