वायरल वीडियो का जिलाधिकारी देहरादून ने लिया संज्ञान
जुआ खेल रहे अन्य लोगों की पहचान के निर्देश, दोषी कार्मिकों पर गाज गिरनी तय
कार्यालय में इस प्रकार का कार्यप्रवृत्ति क्षम्य नहीः डीएम
देहरादून : जिलाधिकारी सविन बंसल ने आफिस में जुआ खेल रहे राजस्व उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। डीएम ने कहा कि कार्यालय में इस प्रकार का कार्यप्रवृत्ति क्षमा योग्य नहीं है। उन्होंने जुआ खेल रहे अन्य लोगों की पहचान करने के भी निर्देश दिए हैं।
दरअसल सोशल मीडिया पर इस तरह का वीडियो वायरल हुआ। डीएम ने वायरल वीडियों के सम्बन्ध में उप जिलाधिकारी कालसी/ चकराता/ त्यूनी को जॉच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। उप जिलाधिकारी ने प्रेषित आख्या में उल्लेख किया कि तहसील कर्मियों द्वारा तहसील परिसर में ही जुआ खेला जा रहा था, जिसका मुख्य खिलाड़ी राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र रायगी स्पष्ट दिखायी दे रहा है, साथ ही उक्त प्रकरण का सोशल मीडिया एवं दैनिक समाचार पत्रों में भी खबरें प्रकाशित हुई है। प्रकरण में प्रथम दृष्टया राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र रायगी, तहसील त्यूनी की संलिप्तता स्पष्ट उजागर हो रही है। ऐसे कृत्य से आम जन मानस में विभाग / प्रशासन की छवि धूमिल हुई है। राजस्व उप निरीक्षक के विरूद्ध विभागीय आचरण नियमों के उल्लघंन करने पर तत्काल प्रभाव से उचित कार्यवाही किये जाने हेतु डीएम को आख्या प्रेषित की गई। प्रकरण में तहसीलदार त्यूनी को जांच अधिकारी, नामित करते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।