Flood Watch Mobile App: Real-Time Flood Alerts to Improve Disaster Management in India
देहरादून, 21 February 2026। देश में बाढ़ प्रबंधन को तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल के रूप में “फ्लड वॉच मोबाइल एप” सामने आया है। अब लोगों को बाढ़ आने से पहले ही मोबाइल पर अलर्ट मिल सकेगा, जिससे समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचना आसान होगा। इस एप का प्रदर्शन जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा पुनर्जीवन विभाग द्वारा आयोजित राज्यों के जल सचिवों के क्षेत्रीय सम्मेलन में किया गया।
यह मोबाइल एप विशेष रूप से बाढ़ की निगरानी और समय पर चेतावनी देने के लिए विकसित किया गया है। इसमें नदी के जलस्तर, वर्षा और जल प्रवाह से संबंधित आंकड़े रियल टाइम में उपलब्ध होते हैं। उपयोगकर्ता अपने मोबाइल पर ही यह देख सकते हैं कि उनके क्षेत्र में खतरे की स्थिति बन रही है या नहीं।
आम नागरिकों के लिए यह एप काफी उपयोगी साबित हो सकता है। जैसे ही किसी क्षेत्र में जलस्तर तेजी से बढ़ता है, एप तुरंत अलर्ट जारी करता है। इससे लोग पहले ही सुरक्षित स्थानों की ओर जा सकते हैं और संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है। खासकर नदी किनारे और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह एक महत्वपूर्ण साधन बन सकता है।
प्रशासनिक दृष्टि से भी यह एप बेहद कारगर है। अधिकारी इसके माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रख सकते हैं। इसमें डेटा साझा करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे विभिन्न विभागों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान तेजी से हो सके और राहत व बचाव कार्य समय पर शुरू किए जा सकें।
सम्मेलन में इस बात पर जोर दिया गया कि डिजिटल तकनीकों के उपयोग से बाढ़ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस एप का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।
इन राज्यों की रही भागीदारी:
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल।
ये विभाग रहे शामिल:
केंद्रीय जल आयोग, केंद्रीय भूजल बोर्ड, राष्ट्रीय जल विकास एजेंसी, राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान, राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण, राष्ट्रीय जल सूचना विज्ञान केंद्र के साथ-साथ जल संसाधन, ग्रामीण विकास और कृषि विभाग भी सम्मेलन में शामिल
बाढ़ से पहले ही चेतावनी देगा ‘फ्लड वॉच’ मोबाइल एप
Leave a comment
Leave a comment


