Indresh Hospital to Receive ₹100 Crore Dues Soon: Minister Khajan Das
देहरादून,08 April 2026। उत्तराखंड सरकार जल्द ही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत ₹100 करोड़ से अधिक की लंबित धनराशि का भुगतान श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल को करेगी। यह आश्वासन समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बुधवार को श्री दरबार साहिब में दर्शन के दौरान दिया।
मंत्री खजान दास ने कहा कि जहां कई अस्पतालों ने आयुष्मान, गोल्डन कार्ड और ईएसआई जैसी योजनाओं में सेवाएं सीमित या बंद कर दीं, वहीं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने निरंतर सेवाएं जारी रखकर सरकार का सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि इसी सहयोग को देखते हुए राज्य सरकार भी अस्पताल को हरसंभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मंत्री ने माँ अम्बिका देवी मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार कार्य की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंत्री ने दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस दौरान दोनों के बीच पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम में दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। खजान दास ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान आमजन को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
वहीं, श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।
समाज कल्याण मंत्री ने इस अवसर पर विभागीय योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार वृद्धजन, दिव्यांगजन, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता सुनिश्चित की जा सके।




