मेहुवाला में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप
Dehradun, 28 April 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मेहुवाला क्षेत्र में विकसित की जा रही एक बड़ी अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। लगातार मिल रही शिकायतों और जांच में पुष्टि के बाद प्राधिकरण ने यह कार्रवाई की, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मेहुवाला माफी क्षेत्र में ईंट भट्टे के पास करीब 10 बीघा जमीन पर “श्रीराम इन्क्लेव” नाम से बिना स्वीकृति प्लॉटिंग की जा रही थी। जांच में सामने आया कि कमल राठौर व अन्य द्वारा नियमों को दरकिनार कर अवैध तरीके से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसके बाद एमडीडीए ने संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देश पर मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता विजय रावत, अवर अभियंता मुनेश राणा सहित पूरी टीम मौजूद रही और पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में संपन्न की गई।
एमडीडीए ने अवैध प्लॉटिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सैक्टर वाइज टीमों का गठन किया है, जो नियमित निरीक्षण कर रही हैं। प्राधिकरण का कहना है कि इस व्यवस्था से अवैध कॉलोनियों पर समय रहते कार्रवाई संभव हो पा रही है और शहर का विकास योजनाबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जा रहा है।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि अवैध प्लॉटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति कॉलोनियां विकसित करना कानून का उल्लंघन है और इससे आम लोगों को भविष्य में कानूनी व आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल अधिकृत योजनाओं में ही निवेश करें।
वहीं, प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि एमडीडीए अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




