Dehradun, 97 October 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में काशी-विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। कॉरिडोर के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
बुधवार को रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। कॉरिडोर बनने से होटल, होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पाद और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को लाभ मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन, उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 56 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
पीएम मोदी के नाम से की पूजा
मुख्यमंत्री ने जनपद भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से विधि-विधान से पूजा की। उन्होंने प्रदेश की प्रगति, सुख-समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की तैयारी
मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण का परीक्षण कराने की घोषणा की। उन्होंने केंद्र का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर करने की बात भी कही। भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग को लेकर केंद्र सरकार को पत्र भेजे जाने की जानकारी दी। इसके अलावा डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड़ बुग्याल को मानचित्र पर निर्धारित करने और इनके सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक सुरेश चौहान और दुर्गेश्वर लाल समेत जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।




