Dehradun, 05 September 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में महान शिक्षाविद् और पूर्व राष्ट्रपति ‘भारत रत्न’ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके शिक्षा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के प्रति योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन भारतीय शिक्षा व्यवस्था और समाज के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों को भी ज्ञान, अनुशासन और जीवन-मूल्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है। शिक्षक नई पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण के साथ उसमें संस्कार, नैतिकता, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करते हैं। गुरु की सीख विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा देने के साथ उसके भविष्य की नींव मजबूत करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और शिक्षा को प्रभावी बनाने में शिक्षक सबसे अहम कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की भावी पीढ़ी तैयार करते हैं, इसलिए राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।




