Dehradun, 26 September2026। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बीते 24 घंटे से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए सरकार ने एहतियातन चारधाम यात्रा रविवार तक स्थगित कर दी है। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने बदरीनाथ-केदारनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है। हालांकि 29 और 30 सितंबर को बारिश में कमी आने की संभावना है।
हेमकुंड में एक फुट से अधिक बर्फ
चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी शुरू हो गई है। हेमकुंड साहिब और आसपास के इलाकों में एक फुट से अधिक बर्फ गिरने की सूचना है। बदरीनाथ और केदारनाथ की ऊंची चोटियां भी बर्फ से ढक गई हैं। खराब मौसम के बीच एसडीआरएफ के जवान श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हैं।
आपदा प्रबंधन तंत्र अलर्ट
मौसम की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
ताकलाकोट में दो फीट से अधिक हिमपात
पिथौरागढ़ जिले के आदि कैलाश और नाभीढांग क्षेत्र में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। चीन की व्यापारिक मंडी ताकलाकोट में दो फीट से अधिक बर्फबारी की सूचना है। इससे आदि कैलाश यात्रा और सीमांत क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।




