टोक्यो : जापान ने शुक्रवार को एक ऐसे व्यक्ति को फांसी पर चढ़ा दिया, जिसने सोशल मीडिया पर संपर्क करने के बाद नौ लोगों की हत्या कर दी थी। जापान में फांसी का यह तीन वर्षों में पहला मामला है।
वर्ष 2017 में टोक्यो के पास कनागावा के ज़ामा शहर में ताकाहिरो शिराशी ने अपने अपार्टमेंट में आठ महिलाओं और एक पुरुष की गला घोंटकर हत्या और शवों के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे। उसे “ट्विटर किलर” करार दिया गया था, क्योंकि वह सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए पीड़ितों से संपर्क करता था।
न्याय मंत्री केसुके सुजुकी ने कहा कि उन्होंने सावधानीपूर्वक जांच के बाद यह निर्णय लिया, जिसमें दोषी के “अत्यंत स्वार्थी” उद्देश्य को ध्यान में रखा गया। गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई 2022 में एक ऐसे व्यक्ति को फांसी दी गई थी, जिसने 2008 में टोक्यो के शॉपिंग जिले अकिहाबारा में चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। जापान में मृत्युदंड को फांसी पर लटकाकर दिया जाता है और कैदियों को फांसी दिए जाने से कुछ घंटे पहले ही इसकी सूचना दे दी जाती है, जिसकी मानवाधिकार समूहों द्वारा लंबे समय से निंदा की जाती रही है क्योंकि इससे मौत की सजा पाए कैदियों पर तनाव पड़ता है।