Delhi,26 September2026। किसी रेस्टोरेंट में टेबल बुक करनी हो, दुकान पर सामान उपलब्ध है या नहीं यह पता करना हो या किसी सेवा की कीमत पूछनी हो, तो अब फोन पर लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। गूगल ने Call for Me फीचर पेश किया है, जिसके जरिए उसका एआई असिस्टेंट Gemini आपकी ओर से बिजनेस को कॉल कर जानकारी जुटा सकेगा।
इस फीचर की मदद से यूजर Gemini मोबाइल ऐप के जरिए किसी बिजनेस को कॉल करने के लिए कह सकता है। इसके बाद Gemini यूजर की ओर से बिजनेस के कामकाज के घंटे, किसी सेवा की कीमत, उपलब्धता और दूसरी जरूरी जानकारियां हासिल कर सकता है। रेस्टोरेंट के मामले में यह टेबल बुक करने जैसी जरूरतों में भी मदद कर सकेगा।
सिर्फ कॉल नहीं, पूरी बातचीत संभालेगा एआई
Call for Me की खासियत यह है कि Gemini सिर्फ फोन लगाकर बातचीत शुरू नहीं करेगा, बल्कि कॉल के दौरान ऑटोमेटेड फोन मेन्यू को नेविगेट करने, बिजनेस के कर्मचारियों से बात करने और जरूरत पड़ने पर होल्ड पर इंतजार करने में भी सक्षम होगा। यानी यूजर को बार-बार फोन करके जानकारी जुटाने की जरूरत कम हो सकती है।
गूगल इससे पहले Duplex और Ask for Me जैसे एआई आधारित कॉलिंग टूल भी पेश कर चुका है। कंपनी के मुताबिक Call for Me को अपेक्षाकृत जटिल अनुरोधों को संभालने के लिए तैयार किया गया है।
क्या-क्या कर सकेगा Call for Me?
Gemini के इस फीचर के जरिए यूजर किसी बिजनेस से उपलब्धता, कीमत, सेवा से जुड़ी जानकारी और अन्य सामान्य या कुछ जटिल सवालों के जवाब हासिल कर सकता है। जरूरत के मुताबिक एआई फोन पर बातचीत कर जानकारी यूजर तक पहुंचाएगा।
ऐसे करें फीचर का इस्तेमाल
Gemini मोबाइल ऐप में जाकर अपने प्रॉम्प्ट की शुरुआत @Call for me से करनी होगी। इसके बाद यूजर को स्पष्ट रूप से बताना होगा कि किस बिजनेस से क्या जानकारी चाहिए या कौन सा काम करवाना है। इसके बाद Gemini संबंधित बिजनेस को कॉल कर बातचीत करेगा।




