Uttaranchal Press Club Celebrates Teej with Cultural Fervor
Uttaranchal Press Club Teej : देहरादून, 27 जुलाई, 2025: उत्तरांचल प्रेस क्लब में आज तीज महोत्सव बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। क्लब की महिला सदस्यों और उनके परिवार की महिलाओं ने इस अवसर पर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया, जहाँ मेहंदी, गीत-संगीत और नृत्य का अद्भुत संगम देखने को मिला।
Uttaranchal Press Club Teej : तीज प्रतियोगिता में रचना रावत ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि संगीता सांगूड़ी और बबीता गुसाईं क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। मोनिका डबराल फर्स्ट रनर अप और प्रीति घिल्डियाल सेकंड रनर अप रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत मेहंदी लगाने के साथ हुई, जिसके बाद डीजे की धुन पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया।
कार्यक्रम का संचालन क्लब की सांस्कृतिक संयोजक सुलोचना पयाल और सपना पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी मुख्य अतिथि रहीं, जबकि हिमाचल ग्रुप की चेयरमैन इंद्राणी पांधी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थीं। निर्णायक की भूमिका डॉ. कनिका दत्ता पराशर ने निभाई।
सुलोचना पयाल ने तीज की शुभकामनाएँ देते हुए इस पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि नेहा जोशी ने ऐसे आयोजनों को महिलाओं को अपनी परंपराओं से जोड़े रखने और पारिवारिक व सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन मीडिया संस्थानों की सामाजिक और सांस्कृतिक समरसता के प्रति सजगता को दर्शाते हैं। विशिष्ट अतिथि इंद्राणी पांधी ने तीज को भारतीय नारी की श्रद्धा, प्रेम, सौंदर्य और आत्मबल का उत्सव बताया।
क्लब अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह कण्डारी और महामंत्री सुरेन्द्र सिंह डसीला ने भी सभी को तीज महोत्सव की शुभकामनाएँ दीं और महिला सदस्यों के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर क्लब के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।