Dehradun, 07 October2026 । उत्तराखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने और छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को सचिवालय मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) विशेष कैंप लगाएंगे। इस दौरान प्री-एसआईआर और एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूचियों का मिलान किया जाएगा। इसमें ऐसे पात्र लोगों को चिन्हित किया जाएगा, जिनका नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है।
इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। अभियान के तहत उन युवाओं के भी आवेदन लिए जाएंगे, जो 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और मतदाता बनने के योग्य हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्य भी सहयोग करेंगे। बीएलओ बूथवार चिन्हित लोगों की सूची बीएलए के साथ साझा करेंगे। इसके बाद निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) भी यह सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएंगे, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने की प्रक्रिया में कोई व्यक्ति छूट न जाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास भी मौजूद रहे।




