MDDA Seals Illegal Helping Health Hospital on Dhauran Road in Dehradun
देहरादून, 10 March 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने धौरण रोड स्थित अवैध रूप से निर्मित और संचालित “हेल्पिंग हेल्थ” नामक अस्पताल को सील कर दिया।
प्राधिकरण के अनुसार यह निर्माण कुश ऐरन द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के किया गया था। एमडीडीए ने पहले भी संबंधित व्यक्ति को नियमानुसार निर्माण करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज न मिलने पर प्राधिकरण ने सीलिंग की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता और सुपरवाइजर सहित प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही।
इसके अलावा उपाध्यक्ष के निर्देश पर एमडीडीए की टीम ने पछवादून क्षेत्र के विकासनगर में भी संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न सेक्टरों में चल रहे निर्माण कार्यों की जांच की गई और निर्माणकर्ताओं से मानचित्र स्वीकृति सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। जिन लोगों द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए या संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, उन्हें चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ आगे कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति या निर्धारित मानकों का पालन किए बिना किया गया कोई भी निर्माण पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों और निर्माणकर्ताओं से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें। तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण शहर के नियोजित विकास को प्रभावित करते हैं और भविष्य में जनसुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चला रही है। विकासनगर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कुछ निर्माणों को चिन्हित किया गया है, जिनके खिलाफ जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




