Uttrkashi, 12 October 2026। आपदा के मलबे में दबी आस्था को फिर से जीवंत करने के लिए धराली के ग्रामीणों ने खुद पहल की है। पिछले वर्ष आई विनाशकारी बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए प्राचीन कल्पकेदार मंदिर को मलबे से बाहर निकालने के लिए रविवार को खुदाई शुरू कर दी गई। शारदीय नवरात्र के पहले दिन सोमेश्वर देवता की डोली की मौजूदगी में पूजा-अर्चना और भूमि पूजन के बाद एक्सकेवेटर मशीन से काम शुरू कराया गया।
पिछले वर्ष पांच अगस्त को खीर गंगा में आई बाढ़ ने धराली में भारी तबाही मचाई थी। बाढ़ के साथ आए मलबे में प्राचीन कल्पकेदार मंदिर का गर्भगृह और परिसर दब गया, जबकि मंदिर का ऊपरी गुंबद भी ध्वस्त हो गया था। मंदिर धराली की धार्मिक पहचान के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते थे।
आश्वासन के बाद भी नहीं हुई पहल
प्राचीन कल्पकेदार मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश पंवार और सचिव संजय पंवार के अनुसार, प्रदेश सरकार ने मंदिर को मलबे से बाहर निकालने का आश्वासन दिया था, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं खुदाई कराने का निर्णय लिया। आपदा की बरसी पर पांच अगस्त को ग्रामीणों ने आराध्य सोमेश्वर देवता से खुदाई शुरू करने की अनुमति मांगी थी। ग्रामीणों के अनुसार, देवता ने नवरात्र से कार्य शुरू करने की अनुमति दी थी।
हर दिन खर्च होंगे 40 हजार रुपये
मंदिर की खुदाई के लिए एक्सकेवेटर मशीन प्रतिदिन करीब आठ घंटे संचालित की जाएगी। इस पर लगभग 40 हजार रुपये रोजाना खर्च होने का अनुमान है। ग्रामीणों की पहल से मंदिर के अस्तित्व को बचाने और धराली की धार्मिक विरासत को फिर से स्थापित करने की उम्मीद जगी है। खुदाई कार्य शुरू होने के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्रामीण, महिला मंगल दल और कीर्तन मंडली के सदस्य मौजूद रहे।




