Navratri Jagar at Ambika Devi Temple Rajpur Dehradun Draws Devotees
देहरादून, 27 March 2026 । राजपुर स्थित प्राचीन माँ अंबिका देवी मंदिर में नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित भव्य जागर संध्या में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरी रात चले इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु भजन, जागर और देवी स्तुति पर झूमते नजर आए।
मंदिर, जिसका संचालन श्री गुरु राम राय दरबार द्वारा किया जाता है, गुरुवार रात भक्तिमय माहौल से सराबोर हो उठा। लोकगायक मंगलेश डंगवाल ने ढोल-दमाऊं की थाप पर देवी भजनों और जागर की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरी घाटी “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठी।
कार्यक्रम में नंदा राजजात की झलक, माँ भगवती के नव स्वरूपों का गुणगान और पारंपरिक देवी स्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति में लीन होकर देर रात तक नृत्य किया और माँ के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देश और प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यमंत्री प्रताप पंवार और भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नवरात्र आत्मशुद्धि और शक्ति आराधना का पर्व है, वहीं खजान दास ने जागर परंपरा को उत्तराखंड की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताया। प्रताप पंवार ने भी देवी आराधना को समाज में सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बताया।
पूरी रात चले इस आयोजन में भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। भजन, जागर और ढोल-दमाऊं की गूंज के बीच श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभव से सराबोर नजर आए। अंत में आयोजित भंडारे में भी बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया।




