Dehradun, 24 October2026। सहस्रधारा से केदारनाथ जा रहे एक हेलीकॉप्टर के शनिवार सुबह टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में उतरने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हेलीकॉप्टर में मुंबई के छह यात्री सवार थे। राहत की बात रही कि सभी सुरक्षित हैं और घटना में किसी के घायल होने या नुकसान की सूचना नहीं है। सुरक्षा के मद्देनजर पायलट ने स्टेडियम में उतरने का फैसला लिया। जांच के बाद हेलीकॉप्टर यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी के लिए रवाना हो गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर अचानक बौराड़ी स्टेडियम में उतरा। उस समय मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे, जबकि कई लोग सुबह की सैर कर रहे थे। हेलीकॉप्टर को मैदान की ओर तेजी से आते देख वहां मौजूद लोग सतर्क हो गए और सुरक्षित स्थान की ओर हटने लगे। लैंडिंग के दौरान धूल का गुबार उठने से आसपास हलचल बढ़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन भी सक्रिय हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी परमानंद मैठाणी ने बताया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान हेलीकॉप्टर तेजी से स्टेडियम की ओर आया। मैदान में बच्चों को खेलता देख लोगों ने उन्हें वहां से हटने के लिए सतर्क किया। हेलीकॉप्टर के उतरते ही मौके पर मौजूद लोगों में कौतूहल के साथ चिंता भी दिखाई दी।
शुरुआत में लोगों ने इसे आपातकालीन लैंडिंग माना। हालांकि, पायलट ने स्पष्ट किया कि यह आपातकालीन लैंडिंग नहीं, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से की गई एहतियाती लैंडिंग थी। बताया गया कि तकनीकी समस्या की आशंका के चलते हेलीकॉप्टर को सुरक्षित स्थान पर उतारने का निर्णय लिया गया।
स्टेडियम में उतरने के बाद हेलीकॉप्टर की जांच की गई। स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक जांच पूरी करने के बाद पायलट छह यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी के लिए रवाना हो गया। घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।




